एमबीपीजी में आज नामांकन, सड़कों पर दिखेगा सियासी जोश; खाकी के सामने भीड़, जुलूस और कानून-व्यवस्था संभालने की दोहरी चुनौती
हल्द्वानी। शहर में आज सत्ता का काफिला भी होगा और छात्र राजनीति का शक्ति प्रदर्शन भी। एक ओर मुख्यमंत्री का हल्द्वानी आगमन पुलिस-प्रशासन की परीक्षा लेगा, तो दूसरी ओर एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और छात्र संगठनों के शक्ति प्रदर्शन ने खाकी के सामने दूसरी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। नामांकन के बहाने कॉलेज परिसर से लेकर आसपास की सड़कों तक सियासी गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए आज नामांकन प्रक्रिया होगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के दावेदार मैदान में उतरेंगे। एबीवीपी, एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों के समर्थकों के जुटने से कॉलेज के आसपास माहौल गरमाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार किया है।
नामांकन से पहले कॉलेज पहुंच गए एसएसपी
व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी खुद एमबीपीजी कॉलेज पहुंचे और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्र राजनीति के नाम पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शक्ति प्रदर्शन पर खाकी की पैनी नजर
पुलिस ने अवांछित और उपद्रवी तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। नामांकन के दौरान जुलूस, नारेबाजी या शक्ति प्रदर्शन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का फोकस कॉलेज परिसर के साथ ही आसपास के प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर रहेगा।
आज खाकी की दोहरी परीक्षा
मुख्यमंत्री के आगमन के चलते शहर में पहले से ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चुनौतीपूर्ण रहने वाली है। इसी बीच एमबीपीजी में छात्रसंघ नामांकन के दौरान छात्र संगठनों की सक्रियता पुलिस के लिए दूसरी बड़ी परीक्षा बन गई है। अब निगाह इस बात पर है कि सियासत के दो मोर्चों के बीच खाकी शहर की कानून-व्यवस्था को किस तरह संभालती है।





