अस्ताना। कजाकिस्तान में नौसैनिक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान अचानक मौसम खराब होने और तेज हवाओं के कारण बड़ा हादसा हो गया। पश्चिमी मैंगिस्टाऊ क्षेत्र में कैस्पियन सागर के तट पर अभ्यास के दौरान कई सैन्यकर्मी समुद्र में बह गए। अधिकारियों के अनुसार हादसे में 12 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन को बचा लिया गया। दो अन्य जवानों की तलाश जारी थी।
अधिकारियों के मुताबिक सैन्यकर्मी एक युद्ध प्रशिक्षण अभियान में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान मौसम की स्थिति अचानक बिगड़ गई और हवाएं तेज हो गईं। इसके बाद सैनिक समुद्र की तेज धार की चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी में 19 सैन्यकर्मियों के समुद्र में बहने की बात सामने आई थी। बाद में अधिकारियों ने बताया कि 17 लोग समुद्र में बहे, जिनमें 12 की मौत हुई और तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया।
बड़े स्तर पर चलाया गया बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद नौसेना, आपातकालीन सेवाओं और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया। लापता सैन्यकर्मियों की तलाश के लिए हवाई संसाधनों का भी इस्तेमाल किया गया। घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए एक विशेष आयोग गठित किया गया है।
यह अभ्यास ‘खजार कोर्गन-2026’ नौसैनिक अभ्यास का हिस्सा था, जिसमें 500 से अधिक सैन्यकर्मी, युद्धपोतों और अन्य सैन्य इकाइयों के कर्मी शामिल थे। अभ्यास का उद्देश्य सैन्यकर्मियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाने, युद्धक तैयारियों को मजबूत करने और विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय का अभ्यास करना था।
25 सितंबर को राष्ट्रीय शोक दिवस
हादसे के बाद कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव ने 25 सितंबर को देश में राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया। सरकार ने मृत सैन्यकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच भी की जा रही है।





