Top 5 This Week

Related Posts

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT ने सुप्रीम कोर्ट को सौंपी स्टेटस रिपोर्ट, 25 सितंबर तक दाखिल होगी चार्जशीट

नई दिल्ली। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और दान में कथित अनियमितता के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि जांच लगभग पूरी हो चुकी है और 25 सितंबर 2026 तक आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने SIT की जांच की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपितों की गिरफ्तारी को 90 दिन पूरे होने वाले हैं, इसलिए निर्धारित समय सीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लिया।

CCTV फुटेज में सामने आईं 105 घटनाएं

SIT की रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर के चढ़ावे की गिनती वाले कक्ष की CCTV फुटेज की जांच में बिना अनुमति नकदी हटाने या छिपाने की 105 घटनाएं सामने आई हैं। जांच के दौरान CCTV फुटेज, गवाहों के बयान, बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि जांच के दौरान कई लोगों के बयान दर्ज किए गए और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की गई। चढ़ावे में मिली चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं से संबंधित दावों की भी जांच की गई।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अब आरोपपत्र दाखिल किया जा सकता है और इसके बाद सक्षम अदालत कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में लागू धाराओं के आधार पर सुनवाई संबंधित सक्षम अदालत में होगी।

अब सभी की नजर 25 सितंबर पर है, जब मामले में SIT की ओर से आरोपपत्र दाखिल किए जाने की समयसीमा पूरी होगी।

Popular Articles