Top 5 This Week

Related Posts

तेलंगाना में अनोखा गणेशोत्सव, 2.90 करोड़ रुपये के नोटों से सजे गणपति

हैदराबाद। तेलंगाना के पालवंचा में इस बार गणेश चतुर्थी का उत्सव अपनी अनोखी सजावट के कारण चर्चा में है। यहां दो अलग-अलग गणेश प्रतिमाओं को कुल 2.90 करोड़ रुपये के करेंसी नोटों से सजाया गया। नोटों से सजे गणपति को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंच रहे हैं।

भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पालवंचा में एक गणेश प्रतिमा की स्थापना कापू समुदाय की ओर से की गई। आयोजकों के अनुसार, इस प्रतिमा की सजावट में करीब 1.40 करोड़ रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया। प्रतिमा के आसपास नोटों को आकर्षक तरीके से सजाया गया, जबकि मुकुट और माला भी करेंसी नोटों से तैयार किए गए।

वहीं, पालवंचा में ही टीम एकदंत यूथ ऑर्गनाइजेशन ने दूसरी गणेश प्रतिमा स्थापित की। इस प्रतिमा की सजावट के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये के करेंसी नोट लगाए गए। दोनों पंडालों की अनोखी सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

स्थानीय कारोबारियों ने दिया सहयोग

आयोजकों के मुताबिक, इतनी बड़ी राशि के नोटों की व्यवस्था स्थानीय कारोबारियों के सहयोग से की गई। गणेश उत्सव को भव्य रूप देने के लिए व्यापारियों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया। आयोजकों ने यह भी बताया कि सजावट में इस्तेमाल किए गए नए करेंसी नोट उपलब्ध कराने में स्थानीय बैंकों ने सहयोग किया।

गणेश चतुर्थी के दौरान देशभर में अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए जाते हैं, लेकिन पालवंचा में करेंसी नोटों से की गई इस सजावट ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा है। दोनों पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है और नोटों से सजे गणपति की तस्वीरें व वीडियो भी चर्चा में हैं।

Popular Articles