रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की का दो दिवसीय दीक्षांत समारोह शनिवार को शुरू हुआ। समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान स्नातक पाठ्यक्रमों के 1,277 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।
आईआईटी रुड़की के अनुसार, 19 और 20 सितंबर को आयोजित हो रहे इस दीक्षांत समारोह में कुल 2,701 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि एक ही दीक्षांत समारोह में इतनी बड़ी संख्या में उपाधियां पहली बार प्रदान की जा रही हैं।
पहले दिन बीआर्क, बीटेक, इंटीग्रेटेड एमटेक, इंटीग्रेटेड एमएससी, आईडीडी और बीएस-एमएस समेत विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री दी गई। 1,277 डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 1,001 छात्र और 276 छात्राएं शामिल हैं।
समारोह में अजीत डोभाल ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और तकनीकी ज्ञान का उपयोग देश के विकास, सुरक्षा और समाज के कल्याण में करने का आह्वान किया। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया।
मेधावी विद्यार्थियों को पदक
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक भी प्रदान किए गए। बीएस-एमएस केमिकल साइंसेज के छात्र श्रीवर्धन बालाजी को जेईई एडवांस के माध्यम से प्रवेश लेने वाले स्नातक विद्यार्थियों में सर्वोच्च सीजीपीए हासिल करने पर प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल मिला।
दूसरे दिन 20 सितंबर को स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।





