ग्रामीण क्षेत्रों से कूड़ा कलेक्शन के लिए जल्द मिलेंगे नये वाहन
रुद्रपुर। नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ अब महापौर विकास शर्मा ने रुद्रपुर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने रुद्रपुर और किच्छा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधानों को साथ लेकर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी से मुलाकात की। बैठक में ग्राम प्रधानों ने अपने अपने क्षेत्रों की सड़क,सिंचाई,कूड़ा निस्तारण,विद्युत,पेयजल सहित विभिन्न समस्याएं सीडीओ के समक्ष रखीं। सीडीओ ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर निगम से लगी कुछ ग्राम सभाओं की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद महापौर ने शुक्रवार को ग्राम प्रधानों के साथ सीडीओ से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास भी जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है। बैठक में ग्राम प्रधानों ने बताया कि कई क्षेत्रों में सड़क और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के साथ कूड़ा निस्तारण, बिजली और पेयजल की समस्या भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।ग्राम प्रधानों की ओर से समस्याएं रखे जाने पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते रुद्रपुर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास भी उनकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अंतिम छोर तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उनके नेतृत्व में विकास से कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि सीडीओ के साथ ग्राम प्रधानों की हुई बैठक के सार्थक परिणाम सामने आएंगे और जिन समस्याओं को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के स्तर से कार्रवाई होगी।उन्होंने बताया कि आगामी 24 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुद्रपुर आ रहे हैं। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा उठाने के लिए करीब 12 नई गाड़ियों को मुख्यमंत्री रवाना करेंगे। इन गाड़ियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से एकत्र होने वाला कचरा नगर निगम के ट्रचिंग ग्राउण्ड तक लाया जाएगा, जहां उसका निस्तारण किया जाएगा। इससे नगर निगम से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, राम प्रकाश गुप्ता, विजय पाल सिंह तोमर, कीरतपुर के ग्राम प्रधान आशीष यादव, बागवाला के प्रधान विनीत सोलंकर, बिंदुखेड़ा के प्रधान केवल सिंह, छत्तरपुर के प्रधान हरीश भट्ट,धरमपुर के प्रधान दीपक गोस्वामी, महाराजपुर के ग्राम प्रधान शुभम पुजारा, पार्षद पवन राणा और पार्षद वीनू आदि मौजूद रहे।





