टांडा चौकी के पास दर्दनाक हादसा, सुबह झाड़ियों में मिले शव; शिनाख्त के बाद परिजनों में मचा कोहराम
हल्द्वानी। गुरुवार की रात हल्द्वानी-रामपुर मार्ग पर रफ्तार दो युवकों की जिंदगी निगल गई। टांडा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों के शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े रहे। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार बाइक संख्या यूके 06 बीएन 8480 पर फुलशुंगी, रुद्रपुर निवासी चेतन चौहान (25) और नंद विहार कॉलोनी, फुलशुंगी निवासी वैभव छाबरा (24) सवार थे। बताया जा रहा है कि देर रात बाइक तेज गति से जा रही थी। टांडा चौकी के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। जांच के बाद दोनों की शिनाख्त हुई तो उनके परिजनों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवकों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। चौकी प्रभारी के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। दुर्घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है।




