पत्नी से संबंधों के शक में अमन की हत्या का आरोप, रेलवे स्टेशन के पास गौला किनारे झोपड़ी से गिरफ्तारी; कार्यस्थल से बरामद हुआ आला कत्ल
हल्द्वानी। जवाहर नगर में बरामदे में पड़ी लाश ने इलाके में सनसनी फैला दी, लेकिन पुलिस की तफ्तीश ने महज 12 घंटे में हत्या के पीछे छिपी कहानी को सामने ला दिया। गले पर यू-आकार के निशान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के बाद शुरू हुई जांच सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी-पतारसी के सहारे नामजद आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दुपट्टा भी बरामद किया गया।
जवाहर नगर के स्थानीय पार्षद ने बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बरामदे में एक युवक मृत मिला। उसकी पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अमन पिछले चार-पांच वर्षों से इसी घर में रह रहा था।
मौके पर पहुंची नैनीताल पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिलने के बाद मौत संदिग्ध प्रतीत हुई। टीम ने मौके से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया।
मृतक के परिजनों की तत्काल जानकारी नहीं मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 151/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी से लेकर सुराग तक, ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन तथा एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी और अन्य साक्ष्यों को जांच की कड़ियों से जोड़ा गया। पुलिस के अनुसार इन प्रयासों के बाद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की निशानदेही पर उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर से घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया।
पत्नी से संबंधों के शक ने बढ़ाई रंजिश
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक निक्की उर्फ नाटी मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी का पत्नी और अमन से आए दिन विवाद होता था। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन या अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके दो दिन बाद अमन की हत्या हो गई।
गिरफ्तार आरोपी: निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त दुपट्टा।
आपराधिक इतिहास: वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज।
गिरफ्तारी टीम
प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल मोहम्मद यासीन, लक्ष्मण राम, मेहबूब अली, सुनील कुमार और दिलशाद अहमद।





