Top 5 This Week

Related Posts

हैदराबाद में ‘गोल्डन गणेश’ बना आकर्षण का केंद्र, 24 कैरेट सोने के साथ जड़े 3.83 लाख अमेरिकन डायमंड

हैदराबाद। गणेश चतुर्थी के अवसर पर हैदराबाद के बेगम बाजार में भगवान गणेश की एक भव्य और अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग से सजी इस प्रतिमा में 3,83,800 अमेरिकन डायमंड्स जड़े गए हैं। प्रतिमा की चमक और बारीक कारीगरी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

यह विशेष प्रतिमा बेगम बाजार स्थित लिची पर्ल सेट ज्वेल्स में स्थापित की गई है। आयोजकों के मुताबिक, प्रतिमा को तैयार करने में करीब आठ महीने का समय लगा और आठ कुशल कारीगरों ने इसे हाथ से तैयार किया। प्रत्येक डायमंड को बारीकी से प्रतिमा पर लगाया गया है, जिससे इसे ज्वेलरी जैसा आकर्षक रूप मिला है।

प्रतिमा का आधार पीतल का है और इसमें पांच अलग-अलग धातुओं का इस्तेमाल किया गया है। प्रतिमा के पीछे बनाए गए आर्च में भगवान विष्णु के दशावतार को दर्शाया गया है। इसके शीर्ष पर भगवान बालाजी का स्वरूप बनाया गया है, जबकि दोनों ओर माता लक्ष्मी और माता सरस्वती विराजमान हैं।

आयोजकों के अनुसार, प्रतिमा का मूल डिजाइन मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा से प्रेरित है। इस बार गणेश उत्सव को खास बनाने के उद्देश्य से सोने और अमेरिकन डायमंड्स से सजी इस प्रतिमा को तैयार किया गया है।

आयोजक आधार अग्रवाल ने बताया कि यह उनके संस्थान में गणेश उत्सव का तीसरा वर्ष है। उनका कहना है कि लंबे समय से कुछ अलग और विशेष करने की इच्छा थी, जिसे इस वर्ष साकार किया गया।

हैदराबाद के पुराने शहर में गणपति उत्सव का विशेष महत्व है। इस भव्य प्रतिमा ने उत्सव की रौनक बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है।

Popular Articles