देहरादून। उत्तराखंड के चंपावत जिले में भारतीय जनता पार्टी ने अपना संगठनात्मक दायरा बढ़ाते हुए विपक्षी दलों को राजनीतिक झटका दिया है। नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल समेत कुल 31 जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में नगर निकायों के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और छात्र नेता भी शामिल हैं। पार्टी के अनुसार, चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से इन जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना प्रदेश में भाजपा के पक्ष में बन रहे माहौल का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि जनप्रतिनिधि ऐसी सरकार के साथ जुड़ना चाहते हैं, जहां उन्हें अपने क्षेत्र के विकास की संभावनाएं दिखाई देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया। भाजपा नेताओं ने सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को सरकार की उपलब्धियों के रूप में सामने रखा।
लोहाघाट क्षेत्र से भी कई ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ली। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों को उनकी क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियों में जिम्मेदारी दी जाएगी।
आगामी चुनावों से पहले चंपावत में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम को भाजपा के संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





