Top 5 This Week

Related Posts

LAC पर चीन ने घटाई सैनिकों की तैनाती, करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड तक सिमटी मौजूदगी

नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच सीमा तनाव कम होने के संकेतों के बीच चीन ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास अपनी सैन्य तैनाती में कमी की है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की तैनाती अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के आकार तक सीमित रह गई है। इसे दोनों देशों के बीच संबंधों में धीरे-धीरे आ रहे सुधार के महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत और चीन के बीच वर्ष 2020 में पूर्वी लद्दाख में तनाव बढ़ने के बाद दोनों देशों ने सीमा क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सैनिक और सैन्य संसाधन तैनात किए थे। इसके बाद कई दौर की सैन्य और कूटनीतिक वार्ताओं के जरिए तनाव कम करने की कोशिश की गई। हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच बातचीत का सिलसिला फिर तेज हुआ है।

सीमा पर बातचीत बढ़ी

भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर विशेष प्रतिनिधियों की बैठक के साथ-साथ वर्किंग मैकेनिज्म फॉर कंसल्टेशन एंड कोऑर्डिनेशन (WMCC) की बैठकें भी हुई हैं। सितंबर में अरुणाचल प्रदेश के पास दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की दो दिवसीय बैठक भी हुई। यह पूर्वी सेक्टर में सैन्य स्तर पर सीधे संपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

हालांकि, भारत ने लगातार स्पष्ट किया है कि सीमा पर शांति और स्थिरता सामान्य द्विपक्षीय संबंधों के लिए बेहद जरूरी है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, LAC की स्थिति का सीधा असर भारत-चीन संबंधों पर पड़ता है।

रिश्तों में सुधार की कोशिश

चीन की ओर से भी हाल के दिनों में भारत के साथ संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ने के साथ सीमा विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिशें भी जारी हैं।

चीनी सैनिकों की तैनाती में कमी को इसी व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, सीमा पर भारत की सुरक्षा तैयारियां बनी हुई हैं और नई दिल्ली का जोर LAC पर स्थायी शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने पर है।

Popular Articles