जकार्ता। इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के कारण यात्री जहाज विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 पलट गया। जहाज पर 243 लोग सवार थे। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार तक 108 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 129 लोग अब भी लापता हैं।
यह जहाज पूर्वी जावा के सुरबाया से दक्षिण कालीमंतन प्रांत के बंजारमासिन जा रहा था। रविवार तड़के समुद्र में तेज हवाओं और करीब तीन मीटर ऊंची लहरों के बीच जहाज का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कप्तान ने मदद के लिए संदेश भेजा और कुछ समय बाद जहाज से संपर्क टूट गया। अधिकारियों के अनुसार, जहाज बंजारमासिन से करीब 148 किलोमीटर दूर जावा सागर में हादसे का शिकार हुआ।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने राहत अभियान तेज कर दिया है। अभियान में 600 से अधिक बचावकर्मी, 17 जहाज और हेलीकॉप्टर समेत कई अन्य संसाधन लगाए गए हैं। हालांकि, समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं। गोताखोरों को भी मौसम और समुद्री परिस्थितियां अनुकूल होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
जहाज की यात्री सूची के अनुसार उसमें 213 यात्री और 30 चालक दल के सदस्य सवार थे। अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। हादसे के बाद बंजारमासिन में यात्रियों के परिजन अपने प्रियजनों की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।





