Top 5 This Week

Related Posts

गुरूजनों के अनुभव से संवारेंगे शहर और युवाओं का भविष्यः विकास शर्मा

महापौर ने नगर निगम में 100 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

रुद्रपुर। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर विकास शर्मा ने शहर के 100 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद लिया। महापौर ने शिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट करते हुए उन्हें समाज की सबसे महत्वपूर्ण धरोहर बताया और शहर के विकास में अपने अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन से सहयोग देने का आह्वान किया।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महापौर ने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके गुरुजनों की शिक्षा और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।वही संस्कार शहर और समाज की सेवा करने की प्रेरणा दे रहे हैं।

शहर के प्रथम नागरिक के रूप में लगातार दूसरी बार गुरुजनों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को आयोजित होना था, लेकिन अन्य कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते इसे बाद में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की दिशा भी तय करते हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही सामान्य प्रतिभाएं आगे चलकर समाज और राष्ट्र की बड़ी जिम्मेदारियां संभालती हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से शहर के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से कहा कि नगर निगम उन्हें केवल सम्मानित कर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानता, बल्कि शहर के भविष्य की योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी चाहता है। पिछली बार भी सभी गुरुजनों को नगर निगम का ‘ब्रांड एंबेसडर’ घोषित किया गया था। शिक्षकों के अनुभव और सुझाव शहर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबे शैक्षणिक अनुभव का लाभ भी विद्यार्थियों को दिलाया जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी नगर निगम काम कर रहा है। सरकारी विद्यालयों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए भी नगर निगम अपने स्तर पर हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने गुरुजनों से कहा कि सरकारी विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार के लिए वे जो भी उचित सुझाव देंगे, नगर निगम उन्हें पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेगा। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और प्रदेश का मॉडल शहर बनाने का लक्ष्य केवल नगर निगम के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। विशेष रूप से लंबे समय तक समाज और नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभव का लाभ शहर को मिलना चाहिए।100से अधिक शिक्षक एवं शिक्षिकायंे थी।

इनसेट

गुरुजनों ने दिया आशीर्वाद, बोले- बदलते रुद्रपुर में दिखाई दे रही नई सोच

शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने भी खुलकर अपने विचार रखे और महापौर विकास शर्मा की पहल की सराहना की। गुरुजनों ने कहा कि जीवन का बड़ा हिस्सा विद्यार्थियों और समाज को दिशा देने में लगाने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक मंच पर बुलाकर सम्मानित करना अपने आप में सुखद और भावनात्मक अनुभव है। लगातार दूसरी बार इतने बड़े स्तर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित कर नगर निगम ने यह संदेश दिया है कि शहर अपने गुरुजनों के योगदान को न केवल याद रखता है, बल्कि उनके अनुभवों को भी सम्मान देता है।

सकारात्मक पहल है।

गुरुजनों ने कहा कि शहर को बेहतर बनाने के लिए यदि उनके ज्ञान, अनुभव और समय की आवश्यकता पड़ती है तो वे नगर निगम का सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने महापौर को आशीर्वाद देते हुए शहर के विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने और शिक्षा व युवा हित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।

Popular Articles