देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी राष्ट्रीय स्तर पर तय कार्यक्रमों को व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने और इसमें अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। यह देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि अभियान में युवा वर्ग की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।
अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिलों में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम होंगे, जिनकी जिम्मेदारी संबंधित प्रभारी मंत्रियों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर तय 12 कार्यक्रमों को उत्तराखंड में भी स्थानीय स्तर पर विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके।
उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत 2047’ के तहत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। गंगा तट से लेकर मेडिकल कॉलेज, बड़े बांध, स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी और एम्स के सैटेलाइट संस्थानों जैसे प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और कार्यों पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्कूलों में चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी और अभिभावकों को भी इससे जोड़ा जाएगा। वहीं ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटक आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से लाभार्थी माताओं को सामने लाया जाएगा, जहां वे सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, संवाद और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना है।





