Top 5 This Week

Related Posts

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंच रहे वैश्विक नेता, पुतिन आज और शी जिनपिंग शनिवार को आएंगे

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को भारत पहुंचेंगे। दोनों नेताओं की यात्रा को सम्मेलन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में ब्राजील, रूस, चीन, भारत, दक्षिण अफ्रीका समेत 11 सदस्य देशों के नेता और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में वैश्विक आर्थिक सहयोग के साथ-साथ पश्चिम एशिया और यूक्रेन संकट, व्यापार, ऊर्जा और वैश्विक शासन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

राष्ट्रपति पुतिन के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा, व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत भारत-रूस संबंधों के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। वहीं, शी जिनपिंग का भारत दौरा करीब सात वर्ष बाद हो रहा है। उनके प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने की भी संभावना है।

ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। करीब 30 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट, प्रमुख होटलों और भारत मंडपम के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। विदेशी नेताओं के काफिलों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं और कई बार रूट का अभ्यास भी किया गया है।

इस सम्मेलन में भारत की कोशिश ब्रिक्स देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने के साथ वैश्विक चुनौतियों पर साझा सहमति बनाने की होगी। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

 

Popular Articles