हल्द्वानी। उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक बुधवार से हल्द्वानी में शुरू हो रही है। रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेशभर से करीब 597 प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और चुनावी रणनीति पर व्यापक मंथन करेगी। इसके साथ ही विकसित उत्तराखंड के रोडमैप से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
दिनभर चलेगा बैठकों का दौर
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सुबह शुरू होकर शाम तक चलेगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की अलग बैठक और रात में कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दिनभर हल्द्वानी में रहेंगे और कार्यसमिति के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
चुनावी तैयारियों पर रहेगा फोकस
भाजपा ने बैठक को मिशन-2027 के लिए संगठन को सक्रिय करने का अहम अवसर माना है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी के अनुसार, कार्यसमिति के माध्यम से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा भी इस बैठक को खास बना रहा है। 10 सितंबर को उनके पूर्व सैनिक सम्मेलन और रुद्रपुर में सिख सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सम्मेलन को राज्य में आगामी चुनावी अभियान की तैयारियों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।





