Top 5 This Week

Related Posts

शहर में वीआईपी दस्तक, उधर सुप्रीम सुनवाई का दबाव! बनभूलपुरा बना पुलिस का किला

मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन के बीच रेलवे भूमि प्रकरण ने बढ़ाई चुनौती, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

हल्द्वानी। एक तरफ मुख्यमंत्री समेत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी आगमन को लेकर शहर में वीआईपी सुरक्षा की चुनौती, तो दूसरी ओर बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई—नैनीताल पुलिस के सामने बुधवार को दोहरी परीक्षा की स्थिति रही। रेलवे प्रकरण को लेकर संवेदनशील बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया है कि इलाके का चप्पा-चप्पा निगरानी के दायरे में आ गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात करने के साथ ड्रोन से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस का फोकस किसी भी संभावित तनाव को शुरुआती स्तर पर रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।

सुरक्षा व्यवस्था में दो एसपी, पांच सीओ, 15 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी, 10 चौकी प्रभारी, 45 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 182 हेड कांस्टेबल-कांस्टेबल और 47 महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और दो विशेष ड्रोन टीमें भी मोर्चे पर रहेंगी।

संभावित आपात स्थिति को देखते हुए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टीयर गैस टीमें, दो एंटी रायट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड को भी तैयार रखा गया है।

एसएसपी ने मौके पर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बॉक्स, वीआईपी मूवमेंट और सुप्रीम सुनवाई, एक दिन में दो मोर्चे

मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन के चलते शहर में वीआईपी सुरक्षा का दबाव रहेगा। इसी बीच रेलवे भूमि प्रकरण की सुनवाई को लेकर बनभूलपुरा में अतिरिक्त सतर्कता ने पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ा दी है।

बॉक्स, ड्रोन से निगरानी, जमीन पर भारी फोर्स

दो सुपर जोन, चार जोन और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनाती। पीएसी से लेकर एंटी रायट टीम और बम निरोधक दस्ते तक तैयार—पुलिस ने संभावित चुनौती से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा खड़ा किया है।

Popular Articles