नई दिल्ली। विनाशकारी फ्लैश फ्लड की त्रासदी से जूझ रहे नेपाल में मंगलवार रात एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने चिंता बढ़ा दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, नेपाल में रात 9 बजकर 38 मिनट 39 सेकंड पर 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई करीब 143 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके झटके राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए।
भूकंप ऐसे समय आया है जब नेपाल हाल ही में आई भीषण बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहा है। 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने के बाद आई फ्लैश फ्लड ने देश के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई थी। बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है, जबकि हजारों लोग अभी भी लापता हैं। नेपाल में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
NCS के मुताबिक भूकंप का केंद्र 29.022 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.978 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। फिलहाल इस भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की तत्काल सूचना नहीं मिली है।
तिब्बत में भी आया 5.3 तीव्रता का भूकंप
नेपाल में भूकंप से कुछ घंटे पहले तिब्बत में भी 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसके अलावा पिछले सप्ताह भी तिब्बत में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के बीच नेपाल और तिब्बत क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
नेपाल में आई हालिया बाढ़ में 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग अब भी लापता हैं। ऐसे में भूकंप के झटकों ने पहले से ही मुश्किल हालात का सामना कर रहे लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।





