Top 5 This Week

Related Posts

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार से उत्तराखंड तक मौसम बिगड़ने के आसार

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 से 13 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र और अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का खतरा है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 8 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तराखंड में 10 से 13 सितंबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

बिहार में 10 सितंबर तक बारिश

बिहार में 8 से 10 सितंबर के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। झारखंड में 9 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में भी असर

महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में 7 से 13 सितंबर के दौरान बारिश जारी रहने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल हल्की बारिश या बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, राजधानी के लिए कोई विशेष भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

Popular Articles