नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सभी छह सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
उपचुनाव के लिए अधिसूचना 9 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
इन विधानसभा सीटों पर होगा मतदान
तमिलनाडु की मदुरंतकम (एससी) और धारापुरम (एससी) विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा। पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम सीट भी उपचुनाव के लिए शामिल की गई हैं। इसके अलावा पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा।
नंदीग्राम सीट पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी और बाद में नंदीग्राम सीट छोड़ दी। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई।
तमिलनाडु की दोनों सीटें भी संबंधित विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। वहीं पुडुचेरी की थट्टांचावडी सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई।
नगांव लोकसभा सीट पर भी मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी 6 अक्टूबर को उपचुनाव होगा। यह सीट प्रद्युत बारदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बारदोलोई ने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर नगांव से लोकसभा चुनाव जीता था। बाद में वह भाजपा में शामिल हुए और दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीत गए।
चुनाव आयोग ने सभी संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा।





