सचिन पाल पर 8 मुकदमें दर्ज है बाईक चोरी,6 ट्रांजिट कैंप और दो रुद्रपुर कोतवाली में
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने रात को चैकिंग के दौरान अलग-अलग जगहों से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों से बरामद बाइकें चोरी की निकली। दोनों शातिर अपराधी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की और कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात चौकी प्रभारी आदर्श कालोनी प्रदीप पंत टीम के साथ रेलवे स्टेशन रोड पर चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान बाईक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिस ने शक होने पर उसका पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज मंडल पुत्र ठाकुर मंडल निवासी ट्रांजिट कैंप बताया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास जो बाईक है, वह उसने 31 अगस्त को विशाल मेगा मार्ट से चोरी की थी। इसके अलावा एसआई जीवन सिंह अधिकारी भी टीम के साथ शनिवार रात क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी बीच पुलिस रेलवे स्टेशन से माडल कालोनी को जाने वाले रोड से बाईक सवार युवक को रोककर उससे पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम सचिन पाल पुत्र गिरधारी लाल निवासी कृष्णा कालोनी ट्रांजिट कैंप बताया। उसके पास से भी पुलिस को चोरी की बाईक बरामद हुई। एक सितंबर को चौकी आदर्श कालोनी क्षेत्र से बाईक चोरी हुई थी। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि गिरफ्तार सचिन पाल बहुत शातिर है। पूछताछ में उसने बताया कि उस पर छह प्राथमिकी ट्रांजिट कैंप और दो बाईक चोरी के रुद्रपुर कोतवाली में पंजीकृत है। सचिन यहां पर किराए पर रहता है।
मूल रूप से यूपी के बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र ग्राम जानिर का है। उसके पास से बरामद बाईक सिविल लाइंस क्षेत्र से चोरी की थी। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।





