Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली के सत्य निकेतन में भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां, दिल्ली पुलिस, कैट्स एंबुलेंस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की टीम ने भी पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में करीब आठ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, हालांकि बाद में स्थानीय लोगों ने मलबे में इससे कहीं अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जाहिर की।

बताया जा रहा है कि इमारत में छात्रों के लिए पीजी/हॉस्टल संचालित था। राहत कार्य के दौरान कुछ लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। बाद की जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुट गए। संकरी गलियों के कारण राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है, ताकि एंबुलेंस और राहत दलों की आवाजाही बाधित न हो।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारत को भी खाली कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। लगातार बारिश और इमारत में चल रहे निर्माण या मरम्मत कार्य को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

Popular Articles