नई दिल्ली। म्यांमार में एक यात्री विमान पर हुए ड्रोन हमले की जांच में भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा दावा किया है। एजेंसी ने दिल्ली की अदालत को बताया कि भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश के आरोप में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैन डाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों के तार म्यांमार में हुए ड्रोन हमले से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। सभी आरोपी फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।
14 यूक्रेनी नागरिकों के म्यांमार जाने का दावा
NIA के अनुसार, करीब 14 यूक्रेनी नागरिक अलग-अलग तारीखों में टूरिस्ट वीजा पर भारत आए। वे गुवाहाटी से मिजोरम पहुंचे और कथित तौर पर जरूरी प्रतिबंधित क्षेत्र परमिट के बिना म्यांमार में दाखिल हुए। एजेंसी का आरोप है कि वहां उन्होंने म्यांमार स्थित जातीय सशस्त्र समूहों के लिए ड्रोन युद्ध, ड्रोन संचालन, ड्रोन असेंबली और जैमिंग तकनीक की ट्रेनिंग में हिस्सा लिया।
जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह मिजोरम के रास्ते म्यांमार की यात्रा की थी। इसके अलावा यूरोप से ड्रोन और उनके हिस्सों की बड़ी खेप भारत के रास्ते म्यांमार पहुंचाने में उनकी कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यात्री विमान पर ड्रोन हमले की जांच
NIA ने अदालत को बताया कि केंद्र सरकार को अमेरिकी और यूक्रेनी नागरिकों के म्यांमार में एक नागरिक विमान पर हुए ड्रोन हमले में शामिल होने की विश्वसनीय जानकारी मिली है। रिपोर्टों के अनुसार, फरवरी में म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के एक ATR-72 विमान को म्यितकीना एयरपोर्ट पर ड्रोन से निशाना बनाया गया था। हालांकि NIA की ओर से पेश दस्तावेज में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच में इसी घटना को संदर्भित किया गया है या नहीं।
डिजिटल सबूतों की भी जांच
NIA ने आरोपियों से जब्त किए गए मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल उपकरणों से तस्वीरें, वीडियो और वॉयस सैंपल बरामद होने की बात कही है। एजेंसी के मुताबिक इनसे महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है और बड़ी मात्रा में डेटा की फोरेंसिक जांच अभी जारी है।
अदालत ने NIA को अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैन डाइक और यूक्रेनी नागरिक विक्टर कामिन्स्की से तिहाड़ जेल में पूछताछ की अनुमति दी है। एजेंसी का कहना है कि पूछताछ से म्यांमार में बैठे कथित मास्टरमाइंड और पूरे नेटवर्क की जानकारी हासिल करने में मदद मिल सकती है। मामले की जांच जारी है और आरोप अभी अदालत में साबित होना बाकी हैं।





