Top 5 This Week

Related Posts

जॉर्जिया मेलोनी बनीं इटली की सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाली पीएम, मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बना लिया है। मेलोनी ने गुरुवार को 1,413 दिन का कार्यकाल पूरा कर पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 को इटली की प्रधानमंत्री बनी थीं। वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं। उनका यह रिकॉर्ड ऐसे समय में बना है, जब इटली को राजनीतिक अस्थिरता के लिए जाना जाता रहा है। बर्लुस्कोनी की 2001 से 2005 के बीच चली दूसरी सरकार लगातार 1,412 दिनों तक सत्ता में रही थी।

मेलोनी ने इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार की स्थिरता किसी रिकॉर्ड पर गर्व करने का विषय मात्र नहीं है, बल्कि यह देश को योजनाएं बनाने, फैसले लेने और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में सक्षम बनाती है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जॉर्जिया मेलोनी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें अपनी मित्र बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।

पीएम मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के लिए मेलोनी के साथ करीबी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई। साथ ही, प्रधानमंत्री ने मेलोनी के आगे भी सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मेलोनी के कार्यकाल की यह उपलब्धि इटली की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में सरकार ने अपना कार्यकाल लगातार जारी रखा है और अब उनकी नजर आने वाले वर्षों में सरकार की नीतियों और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर है।

 

Popular Articles