Top 5 This Week

Related Posts

मेघालय में पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य ढेर, अपहरण और रंगदारी की साजिश का आरोप

शिलांग। मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले में रविवार तड़के पुलिस और एक कथित अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह के बीच मुठभेड़ में चार संदिग्ध बदमाश मारे गए। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मेघालय और असम में सक्रिय था तथा अपहरण, रंगदारी और लूटपाट जैसी वारदातों में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस अधीक्षक पवार एस. वसंतराव के मुताबिक, आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि हथियारबंद बदमाश सोंगसाक की ओर जा रहे हैं। इसके बाद डगल-सोंगसाक मार्ग पर करीब सुबह चार बजे नाकाबंदी की गई।

पुलिस ने जब एक वाहन को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में वाहन सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की एक गाड़ी को भी गोली लगने से नुकसान पहुंचा।

चारों मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान नॉर्थ गारो हिल्स के अलासन मारक और असम के गोलपाड़ा जिले के सुस्तम राभा, कलाम अली तथा बोबिदुल इस्लाम के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, मारक पर हाल में डमरा में हुई गोलीबारी में शामिल होने का आरोप था, जिसमें एक व्यवसायी की मौत हुई थी। वहीं, राभा के खिलाफ असम और मेघालय में डकैती, अपहरण और शस्त्र अधिनियम समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं।

हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने वाहन से दो पिस्तौल, जिंदा कारतूस और गोली के खोखे बरामद किए। पुलिस का कहना है कि गिरोह कथित तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों के अपहरण की साजिश रच रहा था। मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Popular Articles