Top 5 This Week

Related Posts

ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट

मस्जिदों और जुलूस मार्गों पर कड़ा पहरा, शांति भंग करने वालों पर रहेगी पैनी नजर

हल्द्वानी। ईद-ए-मिलादुन्नबी के पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

पर्व को लेकर जिलेभर की मस्जिदों और उनके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी रखने के साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर भी रहेगी। भ्रामक सूचना, अफवाह या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने और उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

अमन और भाईचारे के साथ मनाएं पर्व

नैनीताल पुलिस ने स्थानीय लोगों से ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Popular Articles