Top 5 This Week

Related Posts

डीएम की फटकार के बाद गड्ढों और टूटे पैरापिटों की मरम्मत शुरू

नैनीताल। सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर जिलाधिकारी की सख्ती का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। शनिवार को विकास भवन में अधिकारियों की बैठक के दौरान डीएम की फटकार के बाद एनएचएआई ने नैनीताल-काठगोदाम मार्ग की सुध ली। रविवार सुबह से विभागीय टीम ने सड़क पर गड्ढों को भरने के साथ ही क्षतिग्रस्त पैरापिट और डिवाइडरों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया।

शनिवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी ने जिले की सड़कों की खराब हालत पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़कों पर बने गड्ढों, टूटी सुरक्षा दीवारों और क्षतिग्रस्त पैरापिटों की मरम्मत में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

डीएम के निर्देशों के अगले ही दिन नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर एनएचएआई की टीम सक्रिय हो गई। सुबह से सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया गया। इसके अलावा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में क्षतिग्रस्त पैरापिट और डिवाइडरों की मरम्मत भी कराई जा रही है। इससे मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एनएचएआई के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल सड़क के गड्ढों को भरने के साथ क्षतिग्रस्त डिवाइडर और पैरापिट की मरम्मत कराई जा रही है। बरसात समाप्त होने और मौसम अनुकूल होने के बाद सड़क पर व्यापक स्तर पर डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा।

Popular Articles