Top 5 This Week

Related Posts

भूत-प्रेत की अफवाह से स्कूल में मचा हड़कंप, छात्राओं में चीख-पुकार

यूनिट टेस्ट के दौरान कई छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, एक-दूसरे को देखकर सहमीं छात्राएं; स्कूल प्रशासन ने स्थिति संभालकर कर दी छुट्टी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनिट टेस्ट के दौरान कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास बैठी छात्राओं में भी घबराहट फैल गई। देखते ही देखते स्कूल में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और छात्राओं के बीच भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही कई छात्राएं डर गईं और रोते हुए कक्षाओं से बाहर आने लगीं।

जानकारी के अनुसार सोमवार को कॉलेज में यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान कक्षा 10 और 11 की एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास मौजूद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं। कुछ ही देर में स्कूल परिसर में छात्राओं के बीच कथित तौर पर भूत-प्रेत की बाधा होने की बात फैल गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अफवाह ने पकड़ा जोर, छात्राओं में बढ़ी दहशत

बताया गया कि छात्राओं के बीच अफवाह तेजी से फैलने लगी और कई छात्राएं डर के कारण रोने लगीं। परीक्षा दे रही छात्राओं का ध्यान भी पढ़ाई से हट गया। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। छात्राओं को शांत कराया गया और हालात सामान्य करने के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।

स्कूल की प्रवक्ता नीलम के अनुसार सोमवार को छात्राओं के यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इस दौरान कक्षा 10 और 11 की एक-दो छात्राओं ने चक्कर आने तथा तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से आसपास मौजूद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं। उन्होंने भूत-प्रेत की बाधा की बात को अफवाह बताया और कहा कि स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया।

घटना के बाद अभिभावकों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्कूल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर छात्राओं और अभिभावकों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी गई है।

Popular Articles