Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ धाम में 45 बेड का आधुनिक अस्पताल तैयार, पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

चमोली। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को जल्द ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलने जा रही हैं। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत बनाए जा रहे 45 बेड के चार मंजिला आधुनिक अस्पताल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। अस्पताल को सब-जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें गंभीर मरीजों के उपचार से लेकर ऑपरेशन तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। चिकित्सा उपकरण अस्पताल पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है। मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अक्तूबर में संभावित दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्तूबर में बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और शासन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी दौरान आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल के मुताबिक अस्पताल का निर्माण और उपकरणों की स्थापना तेजी से की जा रही है तथा जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

ऊंचाई वाले क्षेत्र में मिलेगी बड़ी राहत

चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी, सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं यात्रियों के लिए चुनौती बनती हैं। गंभीर मरीजों को अब तक बेहतर उपचार के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता था।

अस्पताल शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बदरीनाथ धाम में ही त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles