देहरादून। शांत माने जाने वाले देहरादून में आपसी विवाद के बाद फायरिंग की एक और घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। पटेलनगर क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद के बाद पहले कार का पिछला शीशा डंडे से तोड़ा गया और इसके बाद कार सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। पीछा किए जाने पर शिमला बाईपास चौक के पास भी दोबारा गोली चलने की बात सामने आई है। घटना में एक युवक के घायल होने की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार, पटेलनगर में गुरमीत, अमन और रोहित नाम के युवक कार से पहुंचे थे। किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। कार सवार युवक वहां से निकलने लगे, तभी दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने उनका पीछा किया और डंडे से कार के पिछले शीशे पर हमला कर उसे तोड़ दिया। इसके बाद कार सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात सामने आई है।
पीछा करने पर शिमला बाईपास में फिर चली गोली
फायरिंग के बाद कार सवार युवक मौके से तेजी से भागे। दूसरे पक्ष के युवकों ने बाइक से उनका पीछा किया। पीछा करते हुए वे शिमला बाईपास रोड तक पहुंच गए, जहां कार सवारों ने कथित तौर पर दोबारा फायरिंग की। इस दौरान एक युवक के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया और शहर की सीमाओं पर सघन जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
देहरादून में हाल के महीनों में सड़क विवाद और युवकों के आपसी झगड़ों के बाद फायरिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। 30 मार्च को जोहड़ी गांव में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हुई थी, जबकि तीन जुलाई को छह नंबर पुलिया के पास फायरिंग में दो युवक घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के इस्तेमाल को लेकर पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।





