लालकुआं। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के कम्युनिटी हॉल में सोमवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने शिरकत की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान श्रीमती पूजा बिष्ट और कॉलेज अभिभावक संघ के उपाध्यक्ष संजय दुमका मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर महाविद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह लोटनी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहें और शिक्षा के साथ अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में अपनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं नवप्रवेशी विद्यार्थी मौजूद रहे।





