देहरादून। उत्तराखंड भाजपा ने संगठन को विस्तार देते हुए नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में गठित नई कार्यसमिति में कुल 178 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें 121 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और 32 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।
नई टीम में संगठनात्मक संतुलन के साथ युवा और महिला नेतृत्व को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश संगठन में विभिन्न पदों पर 42 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, तीन प्रदेश महामंत्री और आठ प्रदेश मंत्री शामिल हैं।
दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पुनीत मित्तल को प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर फिर से जिम्मेदारी मिली है। पार्टी ने मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी भी मनवीर सिंह चौहान को लगातार तीसरी बार सौंपी है।
महिला नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए रुचि भट्ट को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। दीप्ति रावत का प्रदेश महामंत्री पद पर चयन विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार किसी महिला नेता को भाजपा प्रदेश संगठन में महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने की बात सामने आई है।
नई कार्यसमिति में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के बीच क्षेत्रीय संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ अपेक्षाकृत युवा चेहरों को भी संगठन में स्थान दिया है। संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिखाई देता है।
भाजपा की नई टीम को वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में नई प्रदेश कार्यसमिति पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी अभियान को धार देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
नई टीम के गठन से भाजपा के प्रदेश संगठन में व्यापक बदलाव के संकेत मिले हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि अनुभव और युवा ऊर्जा के समन्वय से संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।





