हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे हल्द्वानी पहुंचे और रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। खरगे ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाते हुए आगामी चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि वह लंबे समय बाद उत्तराखंड आए हैं। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1973 में वह पंतनगर यूनिवर्सिटी आए थे, उस समय वह विधायक थे। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि हल्द्वानी से ही कांग्रेस की विजय का शंखनाद होगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
खरगे ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजादी के आंदोलन में उनका कोई योगदान नहीं रहा, इसके बावजूद वे कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के साथ गरीबों, महिलाओं, किसानों और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। खरगे ने दावा किया कि देश में करीब 30 लाख पद खाली हैं, इसके बावजूद उन्हें भरा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो योग्यता और मेरिट के आधार पर बिना पैसे के नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी
किसानों का मुद्दा उठाया
किसानों का मुद्दा उठाते हुए खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार के दौरान किसान कर्जमाफी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के हित में काम किया है और सत्ता में आने पर पार्टी अपने वादों को पूरा करेगी। उन्होंने फूड सिक्योरिटी एक्ट और मनरेगा जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर हमला
भ्रष्टाचार को लेकर भी खरगे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं को भाजपा पहले भ्रष्टाचारी बताकर जेल भेजती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने इसे ‘वॉशिंग मशीन’ की राजनीति करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा की तारीफ
खरगे ने उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा की तारीफ करते हुए अल्मोड़ा के रवि टम्टा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने बिना विदेशी मदद के उड़ने वाली कार बनाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं तथा उन्हें उचित अवसर मिलने चाहिए।
जनसभा को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक सुमित ह्रदयेस सहित प्रदेश के प्रमुख नेताओं ने भी सम्बोधित किया। पुरा रामलीला मैदान खचाखच भरा था और चुनाव से पूर्व कार्यकर्त्ताओ मे अभूतपूर्व जोश का संचार हुआ।





