Top 5 This Week

Related Posts

एयर इंडिया बम विस्फोट मामले के आरोपी रिपुदमन मलिक के हत्यारे को एक और मामले में 15 साल की सजा

ओटावा: कनाडा की एक अदालत ने एयर इंडिया फ्लाइट 182 (कनिष्क) बम विस्फोट मामले के पूर्व आरोपी रहे रिपुदमन सिंह मलिक की हत्या के दोषी टैनर फॉक्स को एक अन्य हत्या के मामले में अतिरिक्त 15 वर्ष की जेल की सजा सुनाई है। फॉक्स पहले से ही रिपुदमन मलिक की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट ने 2022 में चैड कोलिवास की गोली मारकर हत्या के मामले में यह सजा सुनाई। जांच के अनुसार, टैनर फॉक्स चोरी की नीयत से कोलिवास के घर में घुसा था। विरोध करने पर उसने निहत्थे कोलिवास पर कई गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी नहीं थी।

25 वर्षीय टैनर फॉक्स का नाम 2022 में उस समय सुर्खियों में आया था, जब उसने अपने साथी के साथ रिपुदमन सिंह मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मलिक पर 1985 के एयर इंडिया फ्लाइट 182 बम विस्फोट मामले में आरोप लगे थे, लेकिन 2005 में अदालत ने उन्हें साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया था।

अदालत ने कोलिवास हत्याकांड में फॉक्स को बिना समय-समायोजन (नो क्रेडिट फॉर टाइम सर्व्ड) के 15 वर्ष की अतिरिक्त सजा सुनाई है। यह सजा उसकी पहले से चल रही आजीवन कारावास की सजा के अतिरिक्त होगी। अभियोजन पक्ष ने इस अपराध को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।

1985 का एयर इंडिया फ्लाइट 182 (कनिष्क) बम विस्फोट कनाडा के इतिहास की सबसे भीषण आतंकी घटनाओं में शामिल है, जिसमें 329 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले से जुड़े रिपुदमन सिंह मलिक की 2022 में हत्या के बाद यह मामला एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा में आया था।

 

Popular Articles