नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने भारत लौटने की इच्छा जताई है। लंबे समय से विदेश में रह रहे मोदी ने कहा है कि वह इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में भारत वापस आ सकते हैं। यह घोषणा उन्हें 2009 आईपीएल दक्षिण अफ्रीका आयोजन से जुड़े विदेशी मुद्रा मामले में मिले कानूनी राहत के बाद आई है।
ललित मोदी ने कहा कि करीब 16 साल चली कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें राहत मिली है और अब वह अपने जीवन के अगले चरण की ओर बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यूनल के फैसले से उन्हें संतोष मिला है और वह भारत लौटने को लेकर उत्साहित हैं।
मामला 2009 में आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका में आयोजन से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की थी। हाल ही में स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट (SAFEMA) के तहत गठित अपीलीय ट्रिब्यूनल ने मामले में ललित मोदी को बड़ी राहत दी और उनके खिलाफ लगाए गए कई आरोपों को खारिज कर दिया।
ललित मोदी ने भारत छोड़ने के बाद से लंदन में अपना ठिकाना बनाया हुआ है। उन्होंने संकेत दिया है कि लंदन उनका मुख्य निवास बना रहेगा, लेकिन अब वह भारत आना-जाना शुरू करेंगे।
लंदन में ललित मोदी की आलीशान जीवनशैली भी लंबे समय से चर्चा में रही है। उनकी करीब 7,000 वर्ग फुट की हवेली में शानदार इंटीरियर, निजी लिफ्ट और क्रिकेट से जुड़ी यादगार वस्तुओं का संग्रह है। इस घर को उन्होंने निजी क्रिकेट संग्रहालय की तरह सजाया है, जहां आईपीएल से जुड़ी जर्सी, बैट और तस्वीरें मौजूद हैं।




