Top 5 This Week

Related Posts

गौलापार में दर्दनाक हादसा: बंद पानी की टंकी से निकली जहरीली गैस, मां और दो बेटों की मौत

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बंद पड़ी पानी की टंकी का लैंटर खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटों की दम घुटने से जान चली गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सरस्वती देवी (55 वर्ष), उनके पुत्र धर्मेंद्र (45 वर्ष) और खुशाल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकी में गैस जमा हो गई थी। टंकी का लैंटर खोलते ही गैस बाहर निकली और तीनों उसकी चपेट में आ गए, जिससे वे अचेत हो गए।

परिजन और ग्रामीण तीनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मोनिका आर्या, तहसीलदार कुलदीप पांडेय और चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बंद टंकी में बनी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक हादसे से मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Popular Articles