अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान जागेश्वर महादेव और वृद्ध जागेश्वर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और राज्य के सर्वांगीण विकास की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधरोपण किया और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और हरियाली बढ़ाने का संदेश देता है। इस अभियान के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जागेश्वर धाम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। सुबह से ही धाम में उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश में हरित अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।





