Top 5 This Week

Related Posts

इंडिया पोस्ट ने रचा इतिहास, पहली तिमाही में 4,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा राजस्व

नई दिल्ली। भारतीय डाक विभाग (इंडिया पोस्ट) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में नया रिकॉर्ड बनाया है। विभाग का अप्रैल-जून तिमाही का राजस्व पहली बार 4,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि इस अवधि में इंडिया पोस्ट ने 4,008.95 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत अधिक है।

संचार मंत्रालय के अनुसार, इंडिया पोस्ट ने पहली तिमाही में अपने राजस्व लक्ष्य का लगभग 81 प्रतिशत हासिल किया। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में विभाग का कारोबार करीब 3,280 करोड़ रुपये था, जो इस वर्ष बढ़कर 4,008 करोड़ रुपये से अधिक हो गया।

विभाग की विभिन्न सेवाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। नागरिक केंद्रित सेवाओं में सबसे अधिक 86 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई, जबकि पार्सल सेवाओं में 50 प्रतिशत, मेल सेवाओं में 42 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में भी सकारात्मक बढ़ोतरी देखने को मिली।

संचार मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि इंडिया पोस्ट के बदलते स्वरूप को दर्शाती है। विभाग अब पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ पार्सल, लॉजिस्टिक्स, वित्तीय सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं पर भी तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर प्रदर्शन करने वाले डाक सर्किलों की कार्यप्रणाली को अपनाने और सेवा विस्तार पर ध्यान देने को कहा।

इंडिया पोस्ट की यह उपलब्धि देश के सबसे पुराने सेवा संस्थानों में से एक के आधुनिकीकरण और व्यावसायिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Popular Articles