देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक पांच दिवसीय ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास तथा केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
यह पहली बार है जब ‘लोक संवर्धन पर्व’ का आयोजन किसी राज्य सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य देश की पारंपरिक कला, शिल्प, हथकरघा, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
महोत्सव में देशभर के कारीगरों और शिल्पकारों के लगभग 150 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें करीब 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला और शिल्प को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, लकड़ी व पीतल की कलाकृतियां, टेराकोटा, बांस एवं बेंत से बने उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही 20 फूड स्टॉलों पर देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी आगंतुकों को मिलेगा।
आयोजन के दौरान लाइव शिल्प प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता संवाद, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े सत्र भी आयोजित होंगे। वहीं, सांस्कृतिक संध्याओं में गजल गायक तलत अजीज, ज्योति नूरां, किशन महिपाल, माया उपाध्याय, ‘पांडवाज़’ बैंड और परमिश वर्मा सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह महोत्सव प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए नि:शुल्क खुला रहेगा।





