Top 5 This Week

Related Posts

सड़क हादसों पर लगाम के लिए प्रशासन सख्त, तीनपानी से गोरापड़ाव तक हाईवे का संयुक्त निरीक्षण

हल्द्वानी।नगर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से तीनपानी से गोरापड़ाव तक हाईवे का संयुक्त निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित स्थानों का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, , आरटीओ (प्रवर्तन), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में निरीक्षण किया गया। इस दौरान हाईवे पर उन स्थानों की पहचान की गई जहां आए दिन हादसे सामने आ रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कई अहम सुझावों पर चर्चा हुई। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और अनेक घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हाईवे पर कई कट खोले और बंद किए गए थे, लेकिन अब स्थायी समाधान की दिशा में अधिक प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। विशेष रूप से हल्द्वानी की ओर से रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों की समस्या प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

इसी समस्या के समाधान के लिए अंडरपास निर्माण की योजना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, नेशनल हाईवे की तकनीकी टीम जल्द ही क्षेत्र का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य हाईवे पर दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द ठोस कार्रवाई की मांग उठाई।

Popular Articles