देर रात हुई गदरपुर क्षेत्र में एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पिछले माह गदरपुर में हुई गोकशी और पुलिस पर फायरिंग की घटना में चल रहा था फरार जेल से रिहा होने के तुरंत बाद फिर हुआ अपराध की दुनिया में शामिल
रुद्रपुर। गदरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त मुठभेड़ में फरार गौकशी तस्कर मोईन गिरफ्तार हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसएसपी अजय गणपति अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोपी से पूछताछ की। एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार की रात एसओजी प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में टीम वांछित व इनामी अपराधियों की तलाश में मुस्तैद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गदरपुर क्षेत्र में पूर्व में गौकशी कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला वांछित अभियुक्त मोईन पुत्र यामीन निवासी: चक्कर की मिलक, मुरादाबाद यूपी किसी अन्य साथी के साथ स्वार के रास्ते बाजपुर में गौमांस की तस्करी करने की फिराक में है। उन्होंने बताया कि सूचना पर बाजपुर क्षेत्र के कनौरा तिराहे पर चैकिंग शुरू की। इसी बीच स्वार की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाईक को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने पुलिस को देख बाईक तेज गति से बाजपुर की ओर दौड़ा दी।
पुलिस ने पीछा किया तो अभियुक्तों की बाईक अनियंत्रित होकर आम के बाग की तरफ गिर गई। अभियुक्तों ने घिरा देख जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें मुख्य अभियुक्त मोईन के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल मोईन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। एसएसपी ने बताया कि उसके कब्जे से एक तमंचा,3 अदद जिंदा कारतूस,2 अदद खोखा कारतूस, करीब 17 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद किया। बरामद मांस को पशु चिकित्सक ने पुष्टि की। उसके पास से नगदी, मोबाइल भी मिला है।
अपराधिक इतिहास व कानूनी कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह मुरादाबाद और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गोकशी और तस्करी का धंधा करता है। अभियुक्त के खिलाफ थाना बाजपुर में धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 शस्त्र अधिनियम तथा 3/5/6/11 उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष गदरपुर प्रदीप शर्मा,दलीप सिंह, राजेन्द्र कुमार,राजेन्द्र सिंह,दिनेश रावत आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।





