नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा पर उत्तराखंड में कथित रूप से जमीन कब्जाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने दावा किया कि उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में चार एकड़ भूमि को लेकर 90 वर्षीय महिला पर दबाव बनाया जा रहा है और इस पूरे मामले में वाड्रा परिवार का नाम सामने आ रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि संबंधित भूमि की मूल लीज दिवंगत कुलसुम खान के नाम है, जबकि वर्तमान में उनकी 90 वर्षीय बहन नसरीन खान इस संपत्ति पर रह रही हैं। भाजपा का दावा है कि रॉबर्ट वाड्रा की बहन सायरा वाड्रा इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रही हैं।
भंडारी ने आरोप लगाया कि जब कानूनी प्रक्रिया से सफलता नहीं मिली तो कांग्रेस से जुड़े लोगों ने कथित रूप से महिला पर दबाव बनाने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि किच्छा से कांग्रेस विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन खाली करने के लिए धमकाया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण के पीछे प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस खुद को गरीबों और अल्पसंख्यकों की हितैषी बताती है, लेकिन इस मामले में एक बुजुर्ग महिला को कथित रूप से परेशान किया जा रहा है। पार्टी ने केंद्र और राज्य की संबंधित एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वहीं, समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस, प्रियंका गांधी वाड्रा या रॉबर्ट वाड्रा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आगे की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।





