Top 5 This Week

Related Posts

आज केंद्रीय सचिवों के साथ सुधार एजेंडे की समीक्षा करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों और विभागों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में सरकार के सुधार एजेंडे की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से आम नागरिकों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ और उद्योग-व्यापार के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा होगी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के सचिव अपने-अपने विभागों की प्रमुख उपलब्धियों, लागू किए गए सुधारों और भविष्य की कार्ययोजना पर संक्षिप्त प्रस्तुति देंगे। प्रधानमंत्री मोदी सचिवों के साथ अगले चरण के प्रशासनिक एवं नीतिगत सुधारों पर भी विचार-विमर्श करेंगे, जिनका उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

बैठक में सचिवों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, सुशासन को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर देने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाकर नागरिकों और उद्योग जगत को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

यह बैठक वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सरकार के संकल्प के अनुरूप महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हाल ही में मंत्रिपरिषद की बैठक में भी प्रधानमंत्री ने सुधारों की गति तेज करने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने पर बल दिया था।

बैठक में प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिवों और कैबिनेट सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि सरकार विभिन्न मंत्रालयों में चल रहे सुधार कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन करते हुए आगे की रणनीति तय करेगी, ताकि प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और आर्थिक विकास को गति देने के लक्ष्य को और मजबूती मिल सके।

Popular Articles