Top 5 This Week

Related Posts

रास लाफान हादसे पर कतर के अमीर ने पीएम मोदी से जताया शोक

नई दिल्ली। कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए दर्दनाक हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर गहरी संवेदना व्यक्त की। अमीर ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अमीर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए कतर सरकार की सराहना की। दोनों नेताओं ने अपने-अपने देशों के नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति स्थापना के प्रयासों में कतर की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और उम्मीद जताई कि ये प्रयास स्थायी शांति एवं स्थिरता की दिशा में मददगार साबित होंगे।

दोनों नेताओं ने भारत-कतर संबंधों को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही भविष्य में भी आपसी संपर्क बनाए रखने का निर्णय लिया।

उल्लेखनीय है कि रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Popular Articles