नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच होने वाला वार्षिक शिखर सम्मेलन अब असम की बजाय नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची जुलाई के पहले सप्ताह में भारत दौरे पर आएंगी, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी।
पहले इस शिखर सम्मेलन का आयोजन असम के गुवाहाटी में प्रस्तावित था और जापानी प्रधानमंत्री के वहां जाने की भी योजना थी। हालांकि, अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव करते हुए गुवाहाटी दौरा रद्द कर दिया गया है। अब दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की मुलाकात नई दिल्ली में होगी।
सूत्रों के अनुसार, जापानी प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम, सीमित समय और लॉजिस्टिक कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है। जापान की संसद (डाइट) के चल रहे सत्र और अन्य घरेलू प्रतिबद्धताओं के कारण उनके दौरे का कार्यक्रम संक्षिप्त रखा गया है। ऐसे में राजधानी से बाहर यात्रा करना व्यावहारिक नहीं माना गया।
असम सरकार और राज्य के उद्योग जगत को इस दौरे से काफी उम्मीदें थीं। माना जा रहा था कि जापानी प्रधानमंत्री के दौरे से पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, सम्मेलन के दिल्ली स्थानांतरित होने से यह अवसर फिलहाल टल गया है।
गौरतलब है कि भारत-जापान शिखर सम्मेलन में सेमीकंडक्टर, निवेश, बुनियादी ढांचा और रणनीतिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। जापानी उद्योग जगत के कई प्रमुख प्रतिनिधियों के भी प्रधानमंत्री ताकाइची के साथ भारत आने की उम्मीद है।
Top of Form





