रुद्रपुर। दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर विशाल मेगा मार्ट के सामने दो दिन पहले जेसीबी की टक्कर से हुई महिला की मौत के बाद कांग्रेसियों ने विशाल मेगा मार्ट के सामने बंद कट को खोलने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
वहीं, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी समेत अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एसपी सिटी के साथ रुद्रपुर कोतवाली के निरीक्षक प्रकाश दानू, यातायात निरीक्षक, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर कट खोलने को लेकर विचार-विमर्श किया। एसपी सिटी ने कहा कि हादसे न हों, इसको ध्यान में रखते हुए मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। डिवाइडर को और चौड़ा किया जाएगा।
जिस जगह से लोग निकल रहे हैं और जिससे हादसे हो रहे हैं, उस जगह को बंद किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो फिलहाल कट खोलने को लेकर पुलिस और संबंधित अधिकारियों के बीच मंथन चल रहा है





