Top 5 This Week

Related Posts

असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच जवानों की मौत

नई दिल्ली/जोरहाट। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) का AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा विमान की नियमित उड़ान (रूटीन सॉर्टी) के दौरान लैंडिंग के समय हुआ। दुर्घटना में वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत हो गई, जबकि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, AN-32 विमान शनिवार सुबह नियमित मिशन पर था। जोरहाट एयरबेस पर उतरने के दौरान विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे के बाद एयरबेस परिसर में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया।

भारतीय वायुसेना ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (जांच) के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम का निधन हुआ है। रक्षा मंत्री ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गौरतलब है कि AN-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण परिवहन विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, उपकरणों और रसद सामग्री के परिवहन के लिए किया जाता है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में यह विमान लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

Popular Articles