हल्द्वानी। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार थाना मुखानी क्षेत्र के पूरनपुर मोड़ से दूध डेयरी के समीप जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरटीओ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा जोशी और उनकी टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान वीरपाल यादव पुत्र रामचंद्र यादव, निवासी कन्हा विहार, मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। उसका स्थायी पता ढकिया खैरूद्दीन, सेमीखेड़ा, गन्ना चीनी मिल के पास, नवाबगंज, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया गया है। आरोपी की उम्र लगभग 40 वर्ष है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में मु0एफआईआर संख्या 81/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक दीपा जोशी, प्रभारी चौकी आरटीओ
कांस्टेबल सुनील आगरी
कांस्टेबल रविंद्र खाती
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




