हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर स्पा सेंटर की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों के संचालन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए।
पूछताछ के दौरान कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें रोजगार और अधिक आय का लालच देकर इस धंधे में शामिल किया गया। महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकदी तथा ग्राहकों के रिकॉर्ड से संबंधित रजिस्टर बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने स्पा सेंटर से छह महिलाओं को रेस्क्यू किया है। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, नेपाल और अन्य क्षेत्रों की महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। सभी महिलाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है तथा फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।




