नैनीताल: ईद और आगामी वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया है। प्रशासन ने नैनीताल शहर और कैंची धाम में बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाली दोपहिया वाहनों की एंट्री पर अस्थायी रोक लगा दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हर साल ईद और वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक बाइक से नैनीताल और कैंची धाम पहुंचते हैं, जिससे शहर में जाम और पार्किंग की गंभीर समस्या खड़ी हो जाती है। इसके चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाली बाइकों को काठगोदाम और कालाढूंगी में रोका जाएगा। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन के जरिए नैनीताल व कैंची धाम भेजा जाएगा। स्थानीय निवासियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
प्रशासन ने कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया है। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव कम हो सके। भीमताल विकास भवन और भवाली सैनिटोरियम में विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है, जहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए शटल सेवा संचालित होगी।
पुलिस का कहना है कि नैनीताल शहर में पार्किंग क्षमता सीमित है और अनियंत्रित दोपहिया वाहनों की आवाजाही से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए पर्यटकों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।
इस दौरान मॉल रोड, तल्लीताल और मल्लीताल सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रशासन ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित पार्किंग व शटल सेवाओं का उपयोग करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।






